सीकर के मौसम में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर जारी है। जिला मुख्यालय समेत विभिन्न इलाकों में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे से रुक-रुककर बारिश हुई। दोपहर में बारिश रुकी और फिर शाम को तेज बारिश तेज हुई। वहीं सीकर के कल्याण सर्किल एरिया में तेज बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। सीकर में शाम साढ़े 6 बजे बारिश हुई। करीब 20 मिनट तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। वहीं पूरे जिले में बेमौसम बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पकी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। 9 अप्रैल तक सीकर सहित शेखावाटी क्षेत्र में मौसम लगातार बदलता रहेगा। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अगले दो दिन बारिश के साथ ठंडी हवा चलने का अनुमान है। 10 अप्रैल के बाद तापमान फिर से बढ़ सकता है। देखिए बारिश के PHOTOS… घने बादलों के कारण अंधेरा छाया नए वेदर सिस्टम के सोमवार शाम को सक्रिय होने के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई थी। इससे हवा में ठंडक बनी रही और मंगलवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग ने सीकर जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से सीकर का मौसम पूरी तरह बदल गया है। घने बादलों के कारण सुबह हल्का अंधेरा छा गया। अगले 24 घंटे तक सीकर में बारिश का मौसम बना रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो सुबह फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री रहा था। पिछले एक हफ्ते से जिले में दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।