राजस्थान में ग्रेड थर्ड टीचर सीधी भर्ती परीक्षा-2022 में फर्जी ताइक्वांडो खेल प्रमाण-पत्र से नौकरी पाने वाले PTI (शारीरिक शिक्षक) समेत चार आरोपियों ने 26 अक्टूबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। दो दिन पुलिस कस्टडी में रहने के बाद आज चारों को कोर्ट में पेश किया गया। एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया कि सरेंडर करने वालों में PTI रामचंद्र बेनीवाल (41) निवासी डेह नागौर है। ये वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, सिरमा, जिला ब्यावर में पोस्टेड है। इसके अलावा श्रीमति देवी (33) निवासी बाड़मेर, धोलाराम (26) निवासी जालोर और विकास कुमार (26) निवासी बालोतरा हैं। चारों ने जयपुर महानगर-द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। तीनों अन्य आरोपी के सर्विस रिकॉर्ड को लेकर जांच की जा रही है। दलालों के माध्यम से फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण-पत्र बनवाया था एडीजी SOG ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से 2022 में ग्रेड थर्ड टीचर (लेवल-1) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस भर्ती में खेल कोटे के तहत 2 प्रतिशत अभ्यर्थियों का सिलेक्शन किया जाना था। ताइक्वांडो खेल प्रमाण-पत्र के आधार पर 38 अभ्यर्थियों के नाम चयन सूची में आए थे। सिलेक्शन के बाद अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो खेल प्रमाण-पत्र पेश किए थे। कई अभ्यर्थियों ने दलालों के माध्यम से फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण-पत्र हासिल कर सरकारी नौकरी लेने की कोशिश की थी। मामले में इनपुट मिलने पर एसओजी ने ही मामला दर्ज करवाया था। प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया, धनबाद,झारखंड की फर्जी ई-मेल आईडी से प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की नियुक्ति शाखा को कथित तौर पर फर्जी सत्यापन रिपोर्ट भेजी गई थी। फर्जी ई-मेल से सत्यापन रिपोर्ट भेजने के आरोपी बिमलेन्दु कुमार झा और उसके साथी कमल सिंह को 7 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया था। PTI ने 5-5 लाख रुपए लेकर दिए थे फर्जी सर्टिफिकेट जांच में सामने आया कि PTI रामचंद्र बेनीवाल ने कथित तौर पर पहले गिरफ्तार हुए अभ्यर्थियों मुमताज, बबीता जाखड़, मांगिलाल, नरेंद्र बिडियासर, ममता कुमारी और ज्योतिरादित्य से 5-5 लाख रुपए लेकर बैकडेट में ताइक्वांडो खेल प्रमाण-पत्र दिए थे। रामचंद्र बेनीवाल और पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जगदीश सारण ने रोहतक, हरियाणा निवासी सतीश डूल से राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए संपर्क किया था। आरोप है कि सतीश डूल ने विकास कुमार, धोलाराम और देवी से 4-4 लाख रुपए लेकर बैकडेट में ताइक्वांडो प्रमाण-पत्र दिए थे। इसके अलावा जांच में रामचंद्र बेनीवाल की ओर से करीब तीन साल पहले कुछ अभ्यर्थियों से 60-60 हजार रुपए लेकर ताइक्वांडो चैंपियनशिप के प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। 20 अभ्यर्थियों समेत कई आरोपी पहले गिरफ्तार SOG ने मामले में नामजद 38 अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12, 13 और 16 मार्च को राजस्थान में स्थानीय पुलिस की मदद से 20 अभ्यर्थियों, तीन सहयोगियों और एक दलाल को गिरफ्तार किया था। पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फर्जी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ। --- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए- ताइक्वांडो के फर्जी सर्टिफिकेट से ली सरकारी नौकरी, 20 गिरफ्तार:ग्रेड थर्ड टीचर भर्ती में लगे थे 19 अभ्यर्थी, राज्य के 14 जिलों और हरियाणा में एक साथ रेड राजस्थान में ग्रेड थर्ड टीचर सीधी भर्ती परीक्षा-2022 में खेल कोटे में फर्जी सर्टिफिकेट से नौकरी पाने वाले 19 अभ्यर्थियों सहित 20 आरोपियों को SOG ने गिरफ्तार किया है। (पढ़िए पूरी खबर)