राजस्थान के खेल विभाग में लंबे समय बाद कोच (प्रशिक्षक) की भर्ती होगी, जिसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रदेश में 140 कोच की भर्ती के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) को लेटर भेजा है, ऐसे में जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए कोच नियुक्त किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, भर्ती में 18 से 40 साल तक की उम्र के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए कोच की कमी दूर करने की तैयारी राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित कोच की उपलब्धता लंबे समय से अहम मुद्दा रही है। कई खेलों में खिलाड़ियों को नियमित और विशेषज्ञ प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कोच की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी कमी को दूर करने के लिए स्पोर्ट्स काउंसिल अब स्थाई और अस्थाई, दोनों स्तरों पर नियुक्तियों की तैयारी कर रही है। राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए कोच की कमी एक प्रमुख समस्या बन गई है। इसके समाधान के लिए सरकार और खेल विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध हो। 700 अस्थाई कोच भी लगेंगे अस्थाई भर्ती के साथ ही प्रदेश में करीब 700 अस्थाई कोच लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। राजकेश मीणा ने बताया कि इन पदों के लिए निविदा जारी कर दी गई है। ऐसे में करीब एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। ताकि प्रदेश में खेल प्रशिक्षण की व्यवस्था को मजबूत करना और खिलाड़ियों को जल्द से जल्द बेहतर ट्रेनिंग उपलब्ध हो सके। इससे अलग-अलग खेलों में अभ्यास कर रहे युवा खिलाड़ियों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर 140 स्थाई कोच की भर्ती के लिए कर्मचारी चयन बोर्ड को पत्र भेजा गया है। इस प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल टेस्ट के बाद पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अंतिम चयन निर्धारित नियमों और चयन प्रक्रिया के आधार पर होगा। चयनित कोच को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नियुक्त कर युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 18 से 40 साल तक के युवाओं के लिए अवसर इस भर्ती को खेल क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। जिसके लिए 18 से 40 वर्ष तक के युवा इसमें आवेदन कर सकेंगे। जबकि कोच के पदों के लिए खेल में विशेषज्ञता और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता महत्वपूर्ण होगी। राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड के चेयरपर्सन आलोक राज ने बताया कि राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा प्रदेश में कोच की भर्ती के लिए अर्थना आई थी। जिसको लेकर कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा करती कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद प्रदेश में अगले साल नए कोच की नियुक्ति होगी।