राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् जून माह में आबू पर्वत (सिरोही), जयपुर और बांसवाड़ा में केंद्रीय आवासीय खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी। इन शिविरों के माध्यम से खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की देखरेख में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। फलोदी जिला खेल अधिकारी फलोदी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया- आबू पर्वत में हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और तीरंदाजी के लिए बालक एवं बालिका वर्ग के आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे। जयपुर में फुटबॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, जूडो, हॉकी, कुश्ती और साइकिलिंग में दोनों वर्गों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। भारोत्तोलन और खो-खो केवल बालक वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। बांसवाड़ा में जनजातीय वर्ग के लिए विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इसमें वॉलीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, खो-खो, फुटबॉल और हैंडबॉल में बालक-बालिका वर्ग को प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि बास्केटबॉल में बालक वर्ग का प्रशिक्षण रखा गया है। इच्छुक खिलाड़ी अपना आवेदन पत्र 15 मई तक जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, फलोदी में जमा करा सकते हैं। आवेदन के साथ खेल प्रमाण-पत्र और आयु प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आयु सीमा के अनुसार, 30 जून को खिलाड़ी की आयु न्यूनतम 14 वर्ष से कम और अधिकतम 17 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आयु प्रमाण-पत्र ही मान्य होगा। आवेदन पत्र क्रीड़ा परिषद् की आधिकारिक वेबसाइट www.rssc.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं।