मंगलवार को बालोतरा उपखंड कार्यालय सभागार में स्वच्छता पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने की। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना था। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अशोक कुमार सहित नगर परिषद और जिले की सभी नगरीय निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए के.के. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत प्रदेश के सभी निकायों के कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। अधिकारियों की कार्यशैली पर भी लगातार फीडबैक दिया जा रहा है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम होगा।