राजस्थान में फ्री टैबलेट वितरण योजना के तहत मेधावी स्टूडेंट्स को दिए गए सैमसंग टैबलेट में MDM लॉक और तकनीकी समस्याओं से परेशान स्टूडेंट्स को राहत मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने 15 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों में संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने को कहा है। शैक्षणिक सत्र 2021-22, 2022-23 और 2023-24 में टैबलेट पाने वाले पात्र विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रक्रिया फिर शुरू की गई है। एक सप्ताह तक चलेगी विशेष प्रक्रिया निदेशालय के अनुसार, टैबलेट में MDM से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें लगातार संपर्क पोर्टल और ई-मेल के जरिए मिल रही हैं। इन समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को टैबलेट का सामान्य उपयोग करने में परेशानी हो रही है। विभागीय निर्देशों के अनुसार, संबंधित फर्म ने MDM समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की जानकारी दी है। यह प्रक्रिया केवल एक सप्ताह तक चलेगी। जिला शिक्षा अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए अपने-अपने जिलों के संबंधित स्कूलों, विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों तक इसकी सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, टैबलेट की तकनीकी समस्याओं का समाधान कराने और योजना के पात्र विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। MDM हटने के बाद सामान्य रूप से इस्तेमाल कर सकेंगे टैबलेट निदेशालय ने संबंधित फर्म NF Infratech Service Private Limited को विद्यार्थियों से तत्काल संपर्क कर टैबलेट में MDM से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं। फर्म को अपने द्वारा आपूर्ति किए गए सभी टैबलेट में इंस्टॉल या कॉन्फिगर किए गए MDM को पूरी तरह डी-एनरोल (De-enroll) कर रिलीज करने के लिए कहा गया है। इससे टैबलेट MDM संबंधी प्रतिबंधों से मुक्त होकर सामान्य रूप से इस्तेमाल किए जा सकेंगे। निदेशालय ने इस काम को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने और इसकी अनुपालना रिपोर्ट देने के निर्देश भी जारी किए हैं। इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क सैमसंग टैबलेट में MDM संबंधी तकनीकी समस्या आने पर स्टूडेंट्स और संबंधित स्कूल फर्म के प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं। शिकायतें लंबित रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी निदेशालय ने सभी संयुक्त निदेशकों को इस पूरी प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय वेबसाइट पर आदेश और संबंधित गाइडलाइन अपलोड करने को भी कहा गया है। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी संपर्क पोर्टल या अन्य माध्यमों से मिली शिकायतें लंबित रहती हैं, तो संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। विद्यार्थियों को जल्द राहत देना जरूरी : मोहर सिंह सलावद शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा), राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से दिए गए टैबलेट का निर्बाध उपयोग सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। MDM लॉक और तकनीकी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होना चिंता का विषय है। सलावद ने कहा कि विभाग की ओर से तय एक सप्ताह की अवधि में सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाना चाहिए। संबंधित फर्म की जिम्मेदारी तय कर टैबलेट को MDM प्रतिबंधों से मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीकी सहायता देने के साथ भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थी टैबलेट का उपयोग पढ़ाई, ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री और ज्ञानवर्धन के लिए कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग और संबंधित फर्म के समन्वित प्रयासों से विद्यार्थियों को जल्द राहत मिलेगी और डिजिटल शिक्षा का उद्देश्य प्रभावी ढंग से पूरा हो सकेगा।