अलवर में चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक खाटूश्याम जी के दर्शन कर ट्रेन से घर लौट रहा था। घटना अलवर जिले के जीआरपी थाना क्षेत्र में पड़िसल रेलवे लाइन के पास गुरुवार देर रात करीब 3 बजे की है। जानकारी के अनुसार- जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही मंडोर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार प्रभाकर (37) पुत्र अजय शंकर निवासी सरियागंज मुजफ्फरपुर (बिहार) बाथरूम के लिए अपनी सीट से उठा था। बताया जा रहा है कि वह नींद की हालत में था। इसी दौरान ट्रेन के गेट की तरफ वह पहुंच गया, जहां उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पड़िसल क्षेत्र के लोगों ने शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा देखा। इसके बाद जीआरपी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया। सैलून चलाता था, युवक की हैं दो बेटियां प्रभाकर अपने एक दोस्त के साथ 14 अप्रैल को खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए घर से निकला था। दर्शन के बाद गुरुवार रात को दोनों जयपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। हादसे के समय उसका साथी सो रहा था। उसे करीब एक घंटे बाद घटना की जानकारी मिली। प्रभाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए सैलून चलाता था और उसके दो बेटियां हैं। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जीआरपी थाना के ASI सत्येंद्र कुमार ने बताया- स्टेशन मास्टर हरिमन से सूचना मिली थी कि पिलर नंबर 57/0 के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया।