नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर हाईकोर्ट के फैसले से जुड़ी है। कोर्ट ने नाबालिग से गैंगरेप के मामले में 4 आरोपियों की सजा रद्द कर बरी कर दिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. 22 जिला परिषदों, 124 पंचायत समितियों में वोटिंग हुई राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे फेज में 22 जिला परिषदों के 352 सदस्यों और 124 पंचायत समितियों के 2197 सदस्यों के लिए वोटिंग हुई। झालावाड़ की झालरापाटन पंचायत समिति की सलोतिया ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र छोड़कर बाहर खाना खाने गए 4 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 2. ट्रेनों में रात 11 बजे बाद चार्ज नहीं कर पाएंगे मोबाइल रेलवे ने ट्रेनों में रात के समय मोबाइल और पावर बैंक चार्ज करने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा नियम कड़े करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखना जरूरी होगा। पूरी खबर पढ़ें 3. आसाराम को जोधपुर जेल में घुसने से रोका, केस दर्ज जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करने पहुंचे आसाराम को जेलर ने अंदर नहीं घुसने दिया। उसे मंगलवार शाम 5 बजे तक सरेंडर करना था, लेकिन वो करीब 6 घंटे की देरी से पहुंचा था। पैरोल खत्म होने के तय समय में सरेंडर नहीं करने के आरोप में आसाराम के केस भी दर्ज किया है। पूरी खबर पढ़ें 4. नाबालिग से गैंगरेप के चार आरोपी हाईकोर्ट से बरी हाईकोर्ट ने नाबालिग का किडनैप और गैंगरेप के मामले में 4 आरोपियों की सजा रद्द कर बरी कर दिया है। कोर्ट ने अपने फैसले में उम्र के अलावा FIR दर्ज होने की परिस्थितियों, पीड़िता के बयानों, मेडिकल सबूतों और DNA रिपोर्ट पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। पूरी खबर पढ़ें 5. अस्पताल में मौतें हो रहीं, बेस्ट मॉनिटरिंग का अवॉर्ड मिला कोटा के जेके लोन अस्पताल में 5 महीने में किडनी फेल होने से 3 महिलाओं की मौत हो गई। इस बीच सरकार ने अस्पताल प्रशासन को एप्रिसिएशन अवॉर्ड दिया है। इस पर अस्पताल अधीक्षक खुशी जता रहीं हैं। जमीनी हकीकत यह है कि सरकारी अस्पताल में महिलाओं की जान जा रही है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. राजस्थान में कल से तेज बारिश की चेतावनी राजस्थान में गुरुवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्बन’ के असर से आधे राज्य में बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने और 30-40KM स्पीड तक तेज हवा भी चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें 7. राजस्थान में 140 कोच की भर्ती होगी राजस्थान में अलग-अलग खेलों के लिए कोच की भर्ती की जाएगी। स्पोर्ट्स काउंसिल ने 140 कोच की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को लेटर भेजा है। बोर्ड पंचायती राज चुनाव के बाद कोच के पदों के लिए विज्ञप्ति जारी कर सकता है, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। पूरी खबर पढ़ें 8. मंत्री से कार्यकर्ता बोले- सड़क नहीं तो वोट नहीं टोंक जिले में पंचायती राज चुनाव का प्रचार करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। नासिरदा में लोगों ने मंत्री से दो टूक कहा कि सड़क नहीं बनी तो भाजपा को एक भी वोट नहीं मिलेगा। पूरी खबर पढ़ें 9. डॉक्टर ने 22 लाख में बनवाया फर्जी सर्टिफिकेट फर्जी FMGE सर्टिफिकेट के जरिए मेडिकल इंटर्नशिप और रजिस्ट्रेशन के मामले में SOG ने एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विदेश से MBBS की पढ़ाई की थी, लेकिन भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए जरूरी FMGE स्क्रीनिंग परीक्षा पास नहीं कर पाया। इसके बाद 22 लाख में फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. सुहागिनों का पर्व करवा चौथ कल सुहागिनों का पर्व करवा चौथ कल यानी गुरुवार को मनाया जाएगा। महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के साथ निर्जला व्रत रखेंगी। राजस्थान में सबसे पहले धौलपुर में चांद दिखेगा और बाड़मेर में सबसे आखिर में नजर आएगा। पूरी खबर पढ़ें