नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पंचायत-निकाय चुनाव से जुड़ी है। सरकार ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र दायर करके 15 अप्रैल तक चुनाव कराने में असमर्थता जताई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें
1. विधानसभा और हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
जयपुर में राजस्थान विधानसभा, हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। विधानसभा सचिवालय को सुबह 11:10 बजे एक ईमेल आया। इसमें अगले 3 घंटे में विधानसभा भवन को RDX से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में लिखा था- साइनाइड RDX के 15 धमाके किए जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें 2. 40 साल के सरकारी टीचर की हार्टअटैक से मौत
पाली के दयालपुरा गांव में 40 साल के सरकारी टीचर की हार्टअटैक से मौत हो गई। किराए के बंद मकान से बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया। मकान का मेन गेट खुलवाकर पुलिस अंदर पहुंची तो एक कमरे में बेड पर बॉडी पड़ी हुई मिली। टीचर की 2 दिन पहले ही मौत हो चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें 3. पंचायत-निकाय चुनाव टलवाने के लिए सरकार पहुंची हाईकोर्ट
प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनाव स्थगित कराने के लिए राज्य सरकार हाईकोर्ट पहुंच गई है। सरकार ने प्रार्थना पत्र दायर करके 15 अप्रैल तक चुनाव कराने में असमर्थता जताई है। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट, स्कूल, स्टाफ और EVM की उपलब्धता का हवाला देकर चुनाव आगे खिसकाने का अनुरोध किया है। पूरी खबर पढ़ें 4. पूर्व IAS बोले- जिसमें पैसे लिए, उसकी जांच नहीं कर रहे
JJM घोटाले में गिरफ्तार पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल को सोमवार को रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान अग्रवाल ने कहा- मैंने एसीबी से बार-बार कहा कि जिसमें पैसा नहीं लिया उसका नाम ले रहे हो, जिसमें पैसा लिया उसकी जांच नहीं कर रहे। पूरी खबर पढ़ें 5. तेज रफ्तार कार दो गाड़ियों से भिड़ी, 2 भाइयों की मौत
पाली में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद 2 गाड़ियों से भिड़ गई। हादसे में कार सवार 2 ममेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 3 युवक घायल हो गए। सभी युवक घूमने निकले थे। पाली में ओम बन्ना के दर्शन के बाद जोधपुर की तरफ लौट रहे थे। कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. थार से कार को टक्कर मारी, फायरिंग की
जोधपुर के डांगियावास थाना इलाके में थार सवार बदमाशों ने पुरानी रंजिश में एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और फायरिंग की। इसके बाद थार को कार के पीछे-पीछे दौड़ाया। जान बचाने के लिए युवक एक ढाबे में घुसा तो बदमाशों ने वहां भी तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान फायरिंग भी की। पूरी खबर पढ़ें 7. आर्मी इंजीनियर ने 1 साल में खरीदा 1.5 करोड़ का बंगला
जयपुर में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़े गए सेना में असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर सुधांशु सुमन की संपत्तियों की जांच शुरू हो गई है। CBI से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नौकरी जॉइन करने के 1 साल बाद ही इंजीनियर ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए का आलीशान बंगला खरीदा। पूरी खबर पढ़ें 8. कर्मचारियों ने सड़क जाम की तो पुलिस ने खदेड़ा
खैरथल-तिजारा के भिवाड़ा में मांगों को लेकर कर्मचारियों ने कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया। कंपनी गेट के सामने सड़क जाम कर दी और नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर कर्मचारियों को खदेड़ा। हालांकि बाद में मांगों पर सहमति बनने से मामला शांत हो गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. बेटे ने वकील बनकर पिता को दिलाया न्याय
पिता की 29 साल से रुकी हुई पेंशन के लिए बेटे ने कानून की पढ़ाई की और वकील बना। इसके बाद पिता का केस संभाला और न्याय दिलाया। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) जारी करने और सभी बकाया राशि का भुगतान 3 महीने में करने के निर्देश दिए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. अंबेडकर जयंती पर होंगे कई कार्यक्रम
प्रदेशभर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी। इस दौारन रैलियां, संगोष्ठियां और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।