अरब सागर से आ रही हवा के असर से मंगलवार को भी राजस्थान के दक्षिणी जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। आज से तीन दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर से नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इससे बरसात हो सकती है। वहीं, पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। मंगलवार को अजमेर, नागौर, चूरू समेत 10 से ज्यादा जिलों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम के बड़े अपडेट्स बारिश के कारण मौसम बदला: राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पाली, बूंदी, सिरोही, उदयपुर जिलों के कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। यहां तेज हवा के साथ बारिश हुई। भीलवाड़ा, राजसमंद में ओले गिरे। इन जिलों में ठंडक बढ़ गई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर के एरिया में मंगलवार को मौसम साफ रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में सबसे ठंडी रात: मंगलवार को सबसे ज्यादा ठंडक सीकर में रही, जहां का न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू से भी कम रहा। सीकर में ​न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि, माउंट आबू में तापमान 15.5 डिग्री रहा। फतेहपुर में भी पारा 15.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जयपुर में रात का पारा 2 डिग्री गिरा: राजधानी जयपुर में पिछले दिनों हुई बारिश का असर तापमान में मंगलवार को दिखा। न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हुई, जिससे जयपुर में रात में ठंडक बढ़ गई। यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में मंगलवार दिन में मौसम साफ रहा। आगे कैसा रहेगा मौसम अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज से राज्य में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। 24 अक्टूबर से राज्य में फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इस सिस्टम का असर बीकानेर, जयपुर संभाग के एरिया में दिखेगा। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।