राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग के तत्वावधान में शनिवार को रजलाणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। ग्राम पंचायत की पांच बीघा भूमि पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक भवन क्षेत्र की चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करेगा। भोपालगढ़ क्षेत्र की विधायक गीता बरवड़ और प्रधान शांति राजेश जाखड़ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में फीता काटकर पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोपाल जांगिड़, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र चारण और बीसीएमओ डॉ. श्रीकृष्ण डुडी भी उपस्थित रहे। पीएचसी के प्रशासक और सरपंच पारस गुर्जर की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में जेपी देवड़ा, सलीम ठेकेदार, रामचंद्र जलवाणिया, किशोर जाखड़, मांगीलाल पारासरिया, भीकी देवी पारासरिया, रामनिवास देवासी सहित वार्ड पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। दो करोड़ रुपये के बजट से तैयार इस नए पीएचसी परिसर में मरीजों के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें सामान्य मरीजों की जांच के लिए आधुनिक उपचार कक्ष और ग्रामीण महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रसूति कक्ष (लेबर रूम) शामिल हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक जांच सुविधा (लैब) और एक सुव्यवस्थित दवा वितरण केंद्र (DDC) भी स्थापित किया गया है। अस्पताल स्टाफ के लिए चिकित्सक आवास, नर्सिंग स्टाफ क्वार्टर, चारदीवारी, पार्किंग क्षेत्र, पेयजल के लिए पानी का टांका और आधुनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीणों को 24 घंटे बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए अस्पताल में दक्ष स्टाफ तैनात किया गया है। इसमें मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार प्रजापत, नर्सिंग ऑफिसर राजेंद्र चंवेल, एएनएम श्यामा, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।