पाली में राजकीय बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल महेंद्रसिंह राजपुरोहित (निम्बाड़ा) पर विधायक भीमराज भाटी द्वारा की गई कथित अभद्र और निराधार टिप्पणी के विरोध में सोमवार शाम राजपुरोहित समाज ने शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजपुरोहित विकास समिति, पाली के बैनर तले बड़ी संख्या में समाज के लोग सूरजपोल चौराहे पर जुटे, विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंककर विरोध जताया। समाज का कहना था कि बिना तथ्यों के किसी शिक्षाविद के खिलाफ सार्वजनिक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। समिति के आह्वान पर हुआ विरोध प्रदर्शन राजपुरोहित विकास समिति के सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुरला ने बताया कि समिति के आह्वान पर सोमवार शाम विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक भीमराज भाटी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे एक शिक्षाविद और प्रतिष्ठित व्यक्ति की छवि खराब करने का प्रयास बताया। समाज भवन से निकली विरोध रैली शाम को बड़ी संख्या में समाज बंधु, युवा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि वीडी नगर स्थित राजपुरोहित समाज भवन में एकत्रित हुए। बैठक में वक्ताओं ने विधायक के बयान को शिक्षाविद के सम्मान के खिलाफ बताते हुए इसकी घोर निंदा की। इसके बाद समाज भवन से विरोध मार्च निकाला गया, जो गगनभेदी नारों के बीच सूरजपोल चौराहे पहुंचा। 36 कौम के लोगों ने भी दिया समर्थन समिति के संगठन मंत्री नारायणसिंह चाड़वास ने बताया कि प्रदर्शन में राजपुरोहित समाज के अलावा 36 कौम के प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने चौराहे पर विधायक भीमराज भाटी का पुतला दहन किया और कहा कि प्रशासनिक पदों पर बैठे सम्मानित व्यक्तियों तथा समाज के प्रबुद्धजनों का राजनीतिक द्वेष या व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते सार्वजनिक मंचों से अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बड़े आंदोलन की दी चेतावनी राजपुरोहित विकास समिति के एडवोकेट रेवतसिंह केसरिया और एडवोकेट कुंदन सिंह राजपुरोहित ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन समाज के सम्मान की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि या व्यक्ति ने इस तरह की अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, तो इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में समिति ने प्रदर्शन में शामिल समाज बंधुओं, युवाओं और अन्य समाजों के सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।