राजसमंद में प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को राजसमंद जिले के दौरे के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री दिलावर ने प्रतिभाशाली छात्रों को उपरना ओढ़ाकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। लक्ष्य को समर्पित रहे स्टूडेंट्स इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। उन्होंने छात्रों को लगातार परिश्रम करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। शिक्षा मंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनका योगदान अहम होता है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इसके बाद मंत्री दिलावर नाथद्वारा पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां उन्होंने शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।