दीपावली त्योहार को देखते हुए प्रदेशभर में 13 अक्टूबर से दीपावली तक विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत आज राजसमंद में दो दुकानों पर कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने दो दुकानों का निरीक्षण कर अवधि पार खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। टीवीएस चौराहे स्थित गोवर्धन मेगा फूड स्टोर के निरीक्षण के दौरान ड्राई फ्रूट्स, शरबत, जीरा सहित करीब 60 किलो अवधि पार खाद्य सामग्री मिली। इसके बाद टीम ने सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। प्रतिष्ठान से बादाम का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिया गया और सुधार नोटिस जारी किया जाएगा। वही विवेकानंद चौराहे स्थित श्री देव बेकरी के निरीक्षण में फ्रूट क्रश, कोल्ड ड्रिंक, बिस्किट्स और बेकरी आइटम करीब 55 किलो अवधि पार मिले। इन्हें भी मौके पर नष्ट करवाया गया और केक का एक नमूना लिया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा और सीमा कुमारी मौजूद रहे। दोनों नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रयोगशाला, उदयपुर भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। सीएमएचओ डॉ. हेमंत कुमार बिंदल ने खाद्य कारोबारियों से लाइसेंस लेकर ही कारोबार करने और लाइसेंस प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।