राजकॉप एप के जरिए सिर्फ अपराधियों के चेहरों की पहचान नहीं होती, कभी-कभी परिवार से बिछड़े लोग भी अपनों से मिल जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ राजसमंद के कुंवारिया में। कुंवारिया थाना पुलिस को गश्त के दौरान सोमवार रात एक महिला लावारिस हालत में मिली। जिसे पुलिस ने राजकॉप एप का इस्तेमाल कर परिवार तक पहुंचाया। एसपी हेमंत कलाल से मिली जानकारी के अनुसार- कुंवारिया थाना पुलिस के जवान सोमवार रात इलाके में गश्त पर थे। इस दौरान एक महिला लावारिस हालत में मिली। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रही थी। टीम ने महिला को संदिग्ध हालत में घूमते देखा तो नाम-पता पूछा। महिला नाम-पता भी नहीं बता सकी। राजकॉप एप से ढूंढा ऐसे में पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए महिला का विवरण और फोटो राजकॉप मोबाइल एप्लीकेशन पर अपलोड कर मिलान किया। डूंगरपुर में दर्ज थी गुमशुदगी राजकॉप ऐप के जरिए तुरंत यह जानकारी हासिल हो गई कि महिला की गुमशुदगी डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाने में (एमपीआर संख्या 71/25 के तहत) दर्ज है। इसके बाद कुंवारिया पुलिस ने धम्बोला थाना पुलिस को महिला के बारे में सूचना दी। दस्तावेजी कार्रवाई के बाद महिला को सुरक्षित रूप से धम्बोला थाना पुलिस के जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल किशोर और उनके साथ आए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। परिवार के सदस्यों ने राजसमंद पुलिस का आभार जताया।