रामलीला महोत्सव के तहत गुरुवार देर शाम श्रीराम की वरयात्रा निकाली गई। वरयात्रा में हाथी-घोड़े, ऊंट, रथ, सजी-धजी झांकियां और बैंड शामिल रहे। कालबेलिया नृत्य और पट्टेबाजी के प्रदर्शन भी हुए। वरयात्रा श्री मंशापूर्ण भूतेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई। यह बड़ा कुआं और मुख्य बाजार से होते हुए घंटाघर पहुंची। परिषद ने स्वागत किया। इसके बाद वरयात्रा गांधी पार्क स्थित रामलीला मैदान पहुंची। मैदान के बाहर तोरण मारने की रस्म निभाई गई। रंगमंच पर पंडित पवन सागर के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरमाला और फेरे कराए गए। इसके साथ सीता-राम विवाह का मंचन किया गया। मुख्य बाजार से गांधी पार्क तक सड़कों के दोनों ओर भीड़ जुटी। आसपास के मकानों की छतों से भी लोगों ने झांकियां देखीं। आकर्षक लाइटिंग और आतिशबाजी भी की गई।