रामगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में सरहेटा गांव के पास सोमवार सुबह लगी आग ने देर शाम तक विकराल रूप ले लिया। पहाड़ी पर सूखी झाड़ियों में लगी आग तेज हवा के साथ फैलती हुई सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों से करीब तीन किलोमीटर दूर गोहा की पहाड़ी तक पहुंच गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल की टीमें कई घंटों तक जुटी रहीं। देर रात आग बुझाने के लिए NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सरहेटा की पहाड़ी पर अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई। सूखी घास और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग की टीम और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भी टहनियों और पानी की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया। दिनभर की मशक्कत के बाद सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग पर काबू पाने में सफलता मिली, लेकिन तेज हवाओं और सूखी घास के चलते आग आगे फैलती रही। देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग पहुंचने की सूचना मिली तो अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। अंधेरा होने से आग बुझाने में आई परेशानी देर शाम आग गोहा की पहाड़ी तक फैलने के बाद मौके पर दो दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। वन विभाग के रेंज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए रहे। अंधेरा बढ़ने के कारण आग बुझाने के अभियान में परेशानी आने लगी। इसके बाद NDRF और SDRF की टीमों को बुलाया गया, ताकि आग पर काबू पाने के प्रयास तेज किए जा सकें। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास तहसीलदार आशीष शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों के सहयोग से सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर लगी आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि, देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग फैलने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और NDRF की टीम के सहयोग से शेष हिस्से में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की जाएगी।