जैसलमेर में त्योहारों के सीजन में ग्राहकों को सही तौल में सामान मिले, इसके लिए मापतौल विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है। जैसलमेर जिले के रामगढ़ कस्बे में मिठाई की दुकानों की जांच के दौरान दो दुकानों पर कुल 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। जारी रहेगा अभियान विभाग की ओर से विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 और राजस्थान विधिक माप विज्ञान (पैकेज में रखी वस्तुएं) नियम, 2011 के तहत 26 से 28 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फसल कटाई और त्योहारों के सीजन को देखते हुए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए अगले सप्ताह भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य ग्राहकों को सही वजन और माप में सामान उपलब्ध करवाना, पैकेट पर लिखे अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर सामान बेचने पर रोक लगाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। विभाग की ओर से आने वाले दिनों में छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।