रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को पारी और 174 रन से हरा दिया। होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मप्र ने दूसरे दिन ही जीत दर्ज कर सीजन में पहली सफलता हासिल की। इससे पहले टीम के दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे थे। इस जीत में बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के साथ स्पिनर सारांश जैन की घातक गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई। बिहार की पहली पारी महज 99 रन पर सिमट गई थी। मप्र के स्पिनर सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट झटके। इसके बाद मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 8 विकेट पर 407 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। टीम को पहली पारी के आधार पर 308 रन की बढ़त मिली। मप्र की ओर से सक्षम पुरोहित ने 132 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, दूसरे दिन कप्तान रजत पाटीदार ने भी शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सक्षम पुरोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरी पारी में भी चमके सारांश जैन 308 रन से पिछड़ने के बाद बिहार की टीम दूसरी पारी में भी मप्र के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। सारांश जैन ने 13 ओवर में 49 रन देकर 6 विकेट लिए। पहली पारी के 7 विकेट मिलाकर उन्होंने मैच में कुल 13 विकेट अपने नाम किए। कुमार कार्तिकेय ने भी 2 विकेट लेकर बिहार की मुश्किलें बढ़ाईं। बिहार की दूसरी पारी 33.6 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आयुष लोहारूका ने 66 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर संघर्ष किया। उनकी पारी में 10 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण वे बिहार को हार से नहीं बचा सके। अंक तालिका में मप्र को मिला फायदा इस जीत से मध्य प्रदेश को 7 अंक मिले, जिनमें जीत के 6 अंक और पारी से जीत का 1 बोनस अंक शामिल है। शुरुआती दो ड्रॉ के बाद मिली इस पहली जीत से टीम ने एलीट ग्रुप-ए की अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है। दो ड्रॉ के बाद मिली पहली जीत मध्यप्रदेश ने इस सीजन में जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी के खिलाफ अपने शुरुआती दोनों मुकाबले ड्रॉ खेले हैं। ये खबर भी पढ़ें… सारांश के 7 विकेट, सक्षम के शतक से MP मजबूत रणजी ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ मध्यप्रदेश ने पहले ही दिन मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। होलकर स्टेडियम में सारांश जैन की घातक गेंदबाजी के सामने बिहार की पहली पारी महज 99 रन पर सिमट गई। पढ़ें पूरी खबर…