रणजी ट्रॉफी में मंगलवार को बड़ौदा के 21 साल के बल्लेबाज प्रियांशु मोलिया ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ नाबाद तिहरा शतक लगाया। उनकी पारी की मदद से बड़ौदा ने 169/5 के स्कोर से वापसी करते हुए 577/8 रन बना लिए। वहीं, मध्य प्रदेश के सारांश जैन ने बिहार के खिलाफ मैच में 13 विकेट लेकर टीम को पारी और 174 रन से जीत दिलाई। मोलिया बड़ौदा के लिए तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज प्रियांशु मोलिया ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। वे बड़ौदा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। मोलिया भारत की 2024 की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। बड़ौदा की टीम एक समय 169 रन पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद मोलिया ने महेश पिथिया के साथ सातवें विकेट के लिए 266 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पिथिया ने भी इस दौरान अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक लगाया। जम्मू-कश्मीर मौजूदा चैंपियन है। सारांश जैन ने मैच में 13 विकेट लिए मध्य प्रदेश के स्पिनर सारांश जैन ने इंदौर में बिहार के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में 7 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी 6 विकेट चटकाए। इस तरह उन्होंने मैच में 89 रन देकर कुल 13 विकेट लिए। यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका बेस्ट प्रदर्शन है। उनके करियर में अब 10 बार पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 407/8 रन बनाकर पारी घोषित की थी। बिहार की टीम पहली पारी में 99 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भी टीम 134 रन ही बना सकी। मध्य प्रदेश ने यह मुकाबला पारी और 174 रन से जीत लिया। बिहार की यह लगातार तीसरी हार रही। तमिलनाडु की वापसी, रेलवे के 8 विकेट गिरे तमिलनाडु ने रेलवे के खिलाफ दूसरी पारी में वापसी की। पहली पारी में तमिलनाडु की टीम 165 रन पर ऑलआउट हुई और 19 रन से पिछड़ गई। इसके बाद गेंदबाजों ने रेलवे को दूसरी पारी में 97/8 के स्कोर पर रोक दिया। रेलवे की कुल बढ़त 116 रन की हो गई थी। तमिलनाडु के गेंदबाज आर साई किशोर ने दूसरी पारी में 37 रन देकर 4 विकेट लिए। पिछले मैच में उन्होंने हैट्रिक ली थी। तमिलनाडु की कोशिश रेलवे के बाकी दो विकेट जल्द लेकर लक्ष्य को आसान बनाने की होगी। कर्नाटक ने पहली बार ली बढ़त कर्नाटक ने त्रिपुरा के खिलाफ सीजन में पहली बार बढ़त हासिल की। करुण नायर और केवी अनीश ने अर्धशतक लगाए और चौथे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। कर्नाटक ने 3 विकेट पर 218 रन बना लिए थे और उसकी बढ़त 24 रन की हो गई थी। शाहबाज अहमद का शतक, बंगाल 350 के पार केरल के खिलाफ बंगाल ने शाहबाज अहमद के शतक की मदद से वापसी की। टीम ने 108 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन शाहबाज ने 121 रन बनाए। यह मौजूदा सीजन में उनका दूसरा शतक है। उन्होंने सुदीप घरामी के साथ 62 और सुमंत गुप्ता के साथ 103 रन की साझेदारी की। बंगाल ने 9 विकेट पर 350 रन बना लिए थे। मुंबई की पहली पारी 430 रन पर सिमटी हरियाणा के खिलाफ मुंबई की पहली पारी 430 रन पर समाप्त हुई। मुंबई ने दूसरे दिन 140 रन के भीतर अपने आखिरी 7 विकेट गंवा दिए। तनुष कोटियन ने इस सीजन का दूसरा अर्धशतक लगाया, लेकिन आखिरी बल्लेबाज सिल्वेस्टर डिसूजा 6 रन बनाकर बोल्ड हो गए। हरियाणा के गेंदबाजों ने मुंबई के मिडिल ऑर्डर और लोअर ऑर्डर को जल्दी समेट दिया।