रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इन दिनों बाघिन दुर्गा और उसके चार शावक पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जोन नंबर-4 में सफारी के दौरान बाघिन टी-2307 अपने शावकों के साथ घूमती और खेलती नजर आ रही है। बाघिन को एक साथ चार शावकों के साथ देखकर देशी-विदेशी पर्यटक उत्साहित हैं। रणथंभौर में इन दिनों पर्यटन सीजन पीक पर है। शावकों के साथ अठखेलियां करती दिखी बाघिन रणथंभौर के जोन नंबर-4 में बाघिन टी-2307 अपने चारों शावकों के साथ लगातार नजर आ रही है। सफारी पर पहुंचे पर्यटक बाघिन और उसके शावकों को एक साथ देखकर रोमांचित हो रहे हैं। इस दौरान बाघिन कभी अपने नन्हे शावकों को दुलारती तो कभी उनके साथ खेलती नजर आती है। पर्यटक इन नजारों को अपने डिजिटल कैमरों में कैद कर रहे हैं। बाघिन और शावकों की अठखेलियां सैलानियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। साल 2025 में बाघिन दुर्गा ने दिया था शावकों को जन्म रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के DFO मानस सिंह ने बताया कि बाघिन टी-2307 ने साल 2025 में चार शावकों को जन्म दिया था। दिसंबर 2025 की शुरुआत में वन विभाग के कैमरा ट्रैप और गश्त के दौरान बाघिन के साथ तीन शावकों की ही पुष्टि हुई थी। बाद में उसका चौथा शावक भी नजर आया। फिलहाल चारों शावकों की उम्र करीब एक साल है, जबकि बाघिन दुर्गा की उम्र लगभग पांच साल है। दुर्गा बाघिन टी-111 शक्ति की बेटी है। रणथंभौर में चार शावकों को जन्म देने वाली तीसरी बाघिन रणथंभौर में एक साथ चार शावकों को जन्म देने वाली बाघिनों की संख्या कम है। यहां बाघिन टी-19 कृष्णा ने दो बार चार-चार शावकों को जन्म दिया था। हालांकि, दोनों बार एक-एक शावक की मौत हो गई थी। इसके अलावा बाघिन टी-122 भी चार शावकों को जन्म दे चुकी है। अब दुर्गा रणथंभौर की तीसरी ऐसी बाघिन है, जिसने चार शावकों को जन्म दिया।