RAS परीक्षा- 2024 का रिजल्ट जारी होने के बाद प्रदेशभर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बार के रिजल्ट में जयपुर के तीन स्टूडेंट्स ने टॉप-20 में अपनी जगह बनाई है। जयपुर के कुलदीप शर्मा ने 12वीं रैंक हासिल की है, तनीषा यादव 19वीं और वृंदा शेखावत 20वीं रैंक पर रही हैं। वहीं लोकेंद्र सिंह की 33वीं रैंक आई है। रिजल्ट आने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ डांस किया। इस रिजल्ट के साथ ही प्रदेश को जल्द ही कुल 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे। इनमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 अफसर शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों के आने से प्रशासनिक सिस्टम में मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है। रिजल्ट जारी होते ही जयपुर के कोचिंग हब एरिया में जश्न का माहौल दिखा। गोपालपुरा बायपास रोड स्थित कोचिंग संस्थानों पर स्टूडेंट्स ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। ढोल-नगाड़ों के साथ स्टूडेंट्स नाचते-गाते नजर आए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया।