RAS Exam-2024 के रिजल्ट में सीकर के सितारों ने भी नाम रोशन किया है। सीकर शहर के निकटवर्ती गांव मोल्यासी के वीरेंद्र गढ़वाल की राजस्थान में 22वीं रैंक आई है। वीरेंद्र का ये दूसरा अटेंप्ट था, इससे पहले 2023 की एग्जाम में वीरेंद्र के 162वीं रैंक आई थी, वीरेंद्र अभी जयपुर OTS में ट्रेनिंग कर रहे हैं। वीरेंद्र पहले जलदाय विभाग में एईएन थे, तब उनकी वाइफ ने सिविल एग्जाम्स के लिए मोटिवेट किया और वीरेंद्र ने मेहनत शुरु की। वीरेंद्र को 2023 की भर्ती परीक्षा में सलेक्ट होने के बाद DTO (जिला परिवहन अधिकारी) की पोस्ट अलाॅट हुई और अभी ट्रेनिंग चल रही थी। सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में चला निवासी सरिता चौधरी कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सरिता ने अपने तीसरे अटेंप्ट में 419वीं रैंक प्राप्त की है। किसान परिवार की सरिता ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार सफलता हासिल की। उनके पिता प्रभु दयाल खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। संयुक्त परिवार में रहने वाली सरिता के 6 भाई-बहन भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जिससे परिवार में एज्युकेशन और कंप्टीशन का माहौल है। परिवार के रघुनाथ जाट, संतरा देवी सहित परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। सीकर के रींगस निवासी पवन शर्मा की बेटी सोम्या शर्मा ने RAS भर्ती परीक्षा-2024 में 858वीं रैंक हासिल की है। सोम्या के पिता पवन शर्मा रींगस में पवन गैस एजेंसी के संचालक हैं। सोम्या अभी भी सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही हैं। सौम्या ने रेगुलर स्टडी और करंट अफेयर्स से अपडेट रहने को सफलता का मंत्र बताया है।