चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में NH-11 पर रविवार को एक पिकअप और निजी बस की टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत एक निजी वाहन से रतनगढ़ के सरकारी जालान अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बीकानेर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने नापासर निवासी रामदयाल बिष्नोई की शिकायत पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रामदयाल ने बताया कि उनका चचेरा भाई सुभाष पिकअप लेकर शहर से फतेहपुर जा रहा था। तभी होटल मोटल हवेली के पास तेज रफ्तार से आ रही एक निजी बस ने पिकअप को टक्कर मार दी। इससे सुभाष और पिकअप में सवार नापासर निवासी नारायण झंवर घायल हो गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।