चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती का घर में घुसकर किडनैप कर लिया गया। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। युवती के पिता ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि रविवार रात वह एक रिश्तेदार के यहां कीर्तन में गए हुए थे। घर पर उनकी 18 वर्षीय बेटी, उसकी मां और 2 छोटे बच्चे मौजूद थे। देर रात जब वह घर लौटे और अपने कमरे में सो गए। इसी दौरान देर रात चार-पांच लोग घर के दरवाजे के ऊपर से अंदर घुस आए। उन्होंने युवती का मुंह हाथ से दबाकर उसे जबरन उठाना शुरू कर दिया। युवती की मां के शोर मचाने पर पिता बाहर आए। उन्होंने देखा कि कुछ युवक उनकी बेटी को गाड़ी में डाल रहे थे। जब उन्होंने रोकने की कोशिश की, तो अन्य युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और धक्का देकर गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर किडनैप का मामला दर्ज कर लिया है। रतनगढ़ थाना के हेड कॉन्स्टेबल शैलेंद्र कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है।