चूरू के रतनगढ़ नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक बुधवार को पालिकाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 16 प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि शहर में जलभराव वाले इलाकों, खासकर मुख्य गेनाणी और पोस्ट ऑफिस के पास स्थित गेनाणी की खुदाई पर विचार किया गया। प्रमुख जगहों पर हाई मास्ट लाइटें और फ्लैग मास्ट लगाने पर भी सहमति बनी। बैठक में लंबे समय से बंद पुरानी लाइटें बदलने, खराब बिजली के खंभे ठीक करने, पार्कों का विकास करने और पालिका कर्मचारियों से जुड़े मामलों का निपटारा करने पर भी सहमति बनी। शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार और सार्वजनिक जगहों पर नए शौचालय बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर हुआ। बैठक से पहले पार्षद कृष्णा गुर्जर और रेखा इंदौरिया ने सभागार के प्रवेश द्वार पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पार्षद कृष्णा गुर्जर ने सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए जोन नंबर 4 को दो हिस्सों में बांटने और दोनों के लिए अलग-अलग जमादार नियुक्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस जोन में 11 वार्ड हैं, जिनका रोजाना निरीक्षण एक जमादार के लिए संभव नहीं हो पाता। हाल ही में चोरी की कोशिश नाकाम करने पर नगर पालिका मंडल की ओर से बैठक में कृष्णा गुर्जर का अभिनंदन किया गया।