भास्कर न्यूज |झालावाड़ हाईवे पर लूट का पुलिस ने खुलासा कर मध्यप्रदेश के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो दोनों आरोपियों को दबोचा। तलाशी में उनके कब्जे से एक रानी हार, चांदी की पायल, कान के टॉप्स, चांदी का सिक्का, 20,060 नकद, वारदात में प्रयुक्त गुप्ती, लोहे का नुकीला सरिया और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय से हाईवे पर वाहन चालकों और राहगीरों से लूट तथा सूने मकानों में नकबजनी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसके बाद विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर रोड पर अकेली महिला को निशाना बनाकर उसके गले से रानी हार छीनने और हथियार से धमकाने की वारदात कबूल की। महिला के बैग से नकदी और अन्य सामान भी लूटा था। गिरफ्तार मुख्य आरोपी नलखेड़ा आगर मालवा मध्यप्रदेश निवासी अशोक उर्फ मुकेश पुत्र लालचंद गुर्जर है। साथी विष्णु पुत्र चंदूलाल भील को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। लुटेरी गैंग के मुख्य आरोपी पर 12 से ज्यादा केस दर्ज हैं गिरफ्तार आरोपी अशोक उर्फ मुकेश निवासी नलखेड़ा (आगर मालवा) का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 1995 से चोरी, नकबजनी और अन्य अपराधों के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कई मामलों में चालान पेश हो चुका है, जबकि कुछ मामलों में उसे सजा भी मिल चुकी है। पुलिस अब उसके पुराने साथियों और अन्य लंबित वारदातों की भी जांच कर रही है। पूछताछ में खुला लूट का तरीका पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय हाईवे और सुनसान इलाकों में अकेले मिलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। रायपुर रोड पर अकेली महिला को देखकर उसके गले से रानी हार छीना और विरोध करने पर गुप्ती व सरिया दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। महिला के बैग से नकदी और अन्य सामान भी लूट लिया। इसके बाद दोनों अन्य वारदात की तलाश में घूम रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।