पाली जिले में इन दिनों लोग अजीब घटना से दहशत में है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आसमान से पत्थर बरस रहे हैं। इसके कारण कच्चे मकानों की छतें टूट रही हैं। पीड़ित लोग कलेक्टर से लेकर रोहट एसडीएम तक को शिकायत कर चुके हैं। साथ ही प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। दरअसल, पाली जिले के रोहट के रैगरों का मोहल्ला में रहने वाले लोगों को आरोप है कि उनके मोहल्ले में शाम ढलने के बाद रात में कभी भी अचानक आसमान से पत्थर गिरने लग जाते है। इसके कारण कई कच्चे मकानों की सीमेंट की चद्दरों से बनी छत टूट रही है। उनका कहना है- इसको लेकर अपने स्तर पर कई बार जांच की, लेकिन पत्थर कहां से आ रहे है, इसका कोई सुराग नहीं मिला। समस्या के समाधान की मांग को लेकर उन्होंने जिला कलेकटर, रोहट एसडीएम और रोहट थानाप्रभारी तक को ज्ञापन सौंपा है, जिससे इस अजीब समस्या से निजात मिल सके। क्षेत्रवासियों को आशंका है कि यह किसी व्यक्ति की ओर से की गई हरकत भी हो सकती है, लेकिन इसका पता पुलिस और प्रशासन ही लगा सकता है।