राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने RAS परीक्षा-2024 के इंटरव्यू समाप्त होने के दूसरे दिन शनिवार (18 अप्रैल) को रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने टॉपर्स की लिस्ट भी जारी की है। कोटा जिले के पाचन कुई निवासी चंद्रराज गुर्जर ने 877वीं रैक हासिल की हैं। चंद्रराज के पिता किसान हैं। चंद्रराज को दूसरे प्रयास में सफलता मिली हैं। वहीं नोनेरा गांव के रहने वाले नरेश मीणा की 1290 वीं रैक बनी हैं। नरेश को भी दूसरे प्रयास में सफलता मिली हैं। नरेश के पिता भी खेती करते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद दोनों ही परिवारों में जश्न का माहौल है। बिना कोचिंग सफलता मिली चंदराज ने बताया कि पिता ओम प्रकाश खेती करते हैं। मां गृहणी हैं, दो बड़े भाई हैं। एक भाई पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। दूसरा भाई बीएड कर रहा है। साल 2021 में बीएससी करने के बाद साल 2023 में बीएड की। उसी समय बड़े भाई ने कहा RAS की तैयारी कर। मैंने तैयारी शुरू कर दी। कोचिंग के लिए जयपुर गया। पहले प्रयास में मेंस क्लियर नहीं हुआ। जिसके बाद फिर से तैयारी शुरू की। घर पर ही रोज 10-12 घंटे पढ़ाई की। जब मन नहीं लगता या छुट्टियां होती तो खेत पर जाकर काम करता था। दूसरे प्रयास में मेंस क्लियर हुआ। इसके बाद इंटरव्यू भी अच्छा हुआ। 877 वीं रैक बनी, जबकि MBS श्रेणी में 20 वीं रैक बनी हैं। इंटरव्यू के दौरान पैनल ने करंट जीके सहित सब्जेक्ट से जुड़े सवाल पूछे। एक सवाल खेतों में काम आने वाले औजार के बारे में पूछा वही एक सवाल पूछा कि-पुरुषों को कौन से अधिकार देने चाहिए। दूसरे प्रयास में RAS बना किसान का बेटा नोनेरा निवासी नरेश मीणा ने बीएससी के बाद जयपुर से RAS की कोचिंग की। पहले प्रयास में 4-5 नंबर से मेंस क्लियर नहीं हुआ। हिम्मत नहीं हारी। परिजनों ने मोटिवेट किया, फिर तैयारी शुरू की। रोज 10 से 12 घंटे स्टडी की। दूसरे प्रयास में सफलता मिली। हमारे 12 बीघा जमीन हैं। पिता दौलत मीणा खेती करते हैं। बड़े भैया कोटा में कोचिंग में पढ़ाते हैं। समय मिलने पर कभी-कभी पिता के साथ खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटा हूं। परिजनों ने पढ़ाई को लेकर कभी भी प्रेशर नहीं बनाया। 3 फरवरी को मेरा इंटरव्यू हुआ। इंटरव्यू में पॉलिटिकल व सब्जेक्ट से रिलेटेड सवाल पूछे गए। करंट अफेयर के बारे में पूछा गया।