बालोतरा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में बाल संरक्षण व यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुभारंभ किए जा रहे सुरक्षित बचपन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर गहन चर्चा की गई। बैठक में सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग बालोतरा, सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग बालोतरा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति थानाधिकारी साइबर थाना बालोतरा, पैनल अधिवक्ता तथा पैरा-लीगल वॉलंटियर्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्राधिकरण सचिव नुकेश भगोरा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जागरूकता, सुरक्षा व संरक्षण हर बच्चे का अधिकार तथा मूल संदेश हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी रखा गया है। यह अभियान दो मुख्य चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक अधिकारियों व अन्य हितधारकों के नेतृत्व में सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा व व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण के अंतर्गत नवंबर 2027 तक प्रत्येक स्कूल से दो शिक्षकों को शिक्षक-प्रभारी के रूप में नामित कर प्रशिक्षित किया जाएगा, जो निरंतर बाल सुरक्षा गतिविधियों का संचालन करेंगे। बालोतरा . सुरक्षित अभियान के तहत बैठक लेते प्राधिकरण सचिव।