डूंगरपुर जिले में सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में गहराते बिजली संकट और अघोषित कटौती को लेकर विधायक शंकरलाल डेचा ने मंगलवार को कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें आमजन, किसानों और व्यापारियों को हो रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान विधायक डेचा ने अजमेर विद्युत वितरण निगम के उच्चाधिकारियों और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से फोन पर बात की। उन्होंने मंत्री व अधिकारियों को बताया कि सागवाड़ा सहित पूरे डूंगरपुर जिले में भारी बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बिजली सप्लाई में भेदभाव का मुद्दा उठाया विधायक ने देबारी से होने वाली विद्युत आपूर्ति में डूंगरपुर-बांसवाड़ा संभाग के साथ भेदभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि देबारी से जुड़े सभी 220 केवी जीएसएस पर समान अनुपात में कटौती की जाए, ताकि किसी एक क्षेत्र पर अत्यधिक भार न पड़े। डेचा ने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में 10 घंटे से अधिक की कटौती हो रही है, जिससे किसान और छोटे व्यापारी प्रभावित हैं। इस पर ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए। समस्याओं को तुरंत ठीक करने के निर्देश बैठक में रीको इंडस्ट्री क्षेत्र में झूलते तारों और खड़गदा की यादव बस्ती में बिजली की समस्या पर भी चर्चा हुई। विधायक ने सहायक अभियंता लोकेश भटेवरा और अरविंद पाटीदार को इन समस्याओं को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। विधायक ने बैठक में कहा कि आमजन और किसानों को बिजली की कमी के कारण भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को अघोषित कटौती न करने और मेंटेनेंस के नाम पर जनता को परेशान न करने के भी निर्देश दिए।