जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में ठाकरड़ा टोल नाके के पास एक सड़क हादसे में रिटायर्ड नायब तहसीलदार रामलाल बुनकर की मौत हो गई। उनकी पत्नी मणि देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा तब हुआ जब रामलाल बुनकर अपनी पत्नी के साथ बाइक पर ठाकरड़ा गांव में एक मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ठाकरड़ा मोड़ के पास टोल नाके से करीब 100 मीटर पहले, डूंगरपुर की ओर से तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रही एक पावर बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामलाल बुनकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी मणि देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और घायल महिला का उपचार शुरू कराया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।