बारां| माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर के माध्यम से सहरिया जनजाति की ट्राइबल पेंटिंग और कला कार्यशाला 25 से 29 सितंबर तक शाहबाद में होगी। यह पांच दिवसीय आवासीय कार्यशाला रहेगी। अतिरिक्त कलक्टर और परियोजना अधिकारी शाहबाद पुष्पा हरवानी ने बताया कि इसमें 25 से 30 सहरिया चित्रकार भाग ले सकेंगे। भित्ति चित्रकला और मांडने में निपुण कलाकारों को मौका मिलेगा। हर कलाकार को न्यूनतम दो कलाकृतियां तैयार करनी होंगी। तैयार सभी कलाकृतियों पर विभाग, टीआरआई, राजस्थान का अधिकार रहेगा। कलाकारों को चित्रकला सामग्री मिलेगी। टिकट प्रस्तुत करने पर यात्रा भत्ता मिलेगा। पांच दिन का अधिकतम मानदेय 4 हजार रुपए रहेगा। आवास और भोजन की सुविधा निशुल्क रहेगी। कार्यशाला में शामिल होने के इच्छुक सहरिया कलाकार 11 सितंबर तक अपना नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर और आधार नंबर देकर सहायक प्रशासनिक अधिकारी अजय सहरिया के मोबाइल नंबर 8619794077 पर संपर्क कर सकते हैं। अतिरिक्त कलक्टर और परियोजना अधिकारी सहरिया विकास शाहबाद के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।