नवगठित सलूंबर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। बुधवार को जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति—दोनों ही स्तरों पर नामांकन प्रक्रिया में खासी तेजी देखने को मिली। कांग्रेस पार्टी ने अपनी सांगठनिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए जिला परिषद के 20 और सलूंबर पंचायत समिति के 13 वार्डों के लिए अपने उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल करवाए। पहली बार नए जिले के रूप में हो रहे इन चुनावों को लेकर नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिला परिषद के 21 वार्डों के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन कांग्रेस ने पूरी तैयारी के साथ उपस्थिति दर्ज कराई। नामांकन दाखिल करने से पूर्व पार्टी कार्यकर्ता और उम्मीदवार शहर के हेल्थ पॉइंट पर एकत्रित हुए, जहां चुनावी सभा आयोजित की गई। इसके बाद सभी प्रत्याशी रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। नया जिला बनने के बाद पहली बार जिला परिषद चुनाव होने के कारण आगामी दिनों में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से चुनावी मुकाबला और रोचक होने के आसार हैं। दूसरी ओर, सलूंबर पंचायत समिति के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में भी चुनावी हलचल तेज हो गई है। उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी (RAS) जगदीश चन्द्र बामनिया के अनुसार, पहले दिन 13 वार्डों से कुल 20 नामांकन दाखिल किए गए। इनमें अधिकांश प्रत्याशी कांग्रेस समर्थित हैं, जबकि वार्ड 5 और 6 में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि, वार्ड संख्या 13 और 15 (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) में पहले दिन एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। वहीं वार्ड 1, 2, 6, 8 और 10 में पहले ही दिन एक से अधिक नामांकनों के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पहली बार हो रहे चुनाव को लेकर उत्साह सलूंबर के नया जिला बनने के बाद यहाँ पहली बार जिला परिषद चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। इस कारण राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम जनता में भी चुनावी गतिविधियों को लेकर खासा उत्साह है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भी पर्चा लेने और दाखिल करने के लिए प्रत्याशियों की कलेक्ट्रेट में चहल-पहल बनी रही। आने वाले दिनों में भाजपा सहित अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की दावेदारी से मुकाबला और रोचक होने की संभावना है। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस से वार्डवार नामांकन की स्थिति सलूंबर पंचायत समिति प्रत्याशी