सलूंबर नगर परिषद सलूंबर के नए बोर्ड की पहली बैठक में रावण दहन स्थल को लेकर उपजा विवाद आखिरकार रविवार देर शाम आयोजित आपात बैठक में समाप्त हो गया। भाजपा,कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के बीच हुई चर्चा के बाद दशहरे पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रावण दहन कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। वहीं,भाजपा पार्षदों की मांग पर सभापति नरेश जैन ने परंपरागत स्थल रावण मंगरी के विकास और सौंदर्यीकरण का आश्वासन दिया। सहमति बनने के बाद अब दशहरा आयोजन की तैयारियों का रास्ता साफ हो गया है। पिछली बैठक में मतदान तक पहुंचा था मामला नगर परिषद की पिछली बैठक में रावण दहन के आयोजन स्थल को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच मतभेद सामने आए थे।मतदान में रावण मंगरी के पक्ष में 13 और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान के पक्ष में 12 मत पड़े थे। इसके बावजूद स्थल चयन को लेकर सर्वसम्मति नहीं बन पाई थी। विवाद को समाप्त करने और नगरहित में निर्णय लेने के उद्देश्य से सभापति नरेश जैन ने रविवार को आपात बैठक बुलाई। भाजपा ने उठाया रावण मंगरी के विकास का मुद्दा बैठक में नेता प्रतिपक्ष कैलाश गांधी के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने रावण मंगरी के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग रखी। पार्षदों का कहना था कि रावण मंगरी नगर की परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में यहां विकास कार्य करवाने के साथ आमजन के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जानी चाहिए। भाजपा की मांग पर सभापति नरेश जैन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए रावण मंगरी के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर आश्वस्त किया। इसके बाद सभी पक्षों ने आपसी सहमति से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रावण दहन कराने पर सहमति जता दी। उपसभापति ने जताया सभी पार्षदों का आभार सर्वसम्मति से निर्णय होने पर उपसभापति डॉ.लव व्यास ने सभी पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने आपसी सहमति से नगरहित में निर्णय लेने को सकारात्मक कदम बताया। बैठक में कार्यवाहक आयुक्त एवं उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया सहित भाजपा,कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद मौजूद रहे। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष घोषित होने के बाद कैलाश गांधी का स्वागत भी किया गया। रावण दहन स्थल पर सहमति बनने के साथ ही अब नगर परिषद के सामने दशहरा आयोजन की व्यवस्थाएं,सुरक्षा और अन्य तैयारियां सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी रहेगी।