सलूंबर मातृभूमि की रक्षा,वर्दी का फर्ज और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान इन्हीं गौरवशाली भावनाओं के साथ बुधवार को सलूंबर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों के अदम्य साहस,वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,वृत्ताधिकारी,थानाधिकारी,पुलिस लाइन के जवान और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।सभी ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और देश की एकता,अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दोहराया। हॉट स्प्रिंग्स की शहादत को किया याद पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 1959 की ऐतिहासिक घटना को याद किया गया।लद्दाख के दुर्गम एवं बर्फीले हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया था।इस मुठभेड़ में 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था।इन्हीं वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष 21अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने शहीदों के सम्मान में शस्त्र झुकाकर मातमी धुन के बीच गार्ड ऑफ ऑनर दिया।शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा और कर्तव्यपालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। एसपी ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया।इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने एक ओर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी रेखांकित किया।समापन पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने,आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।