सलूंबर जिले के परसाद क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर चिकित्सा विभाग, औषधि नियंत्रण और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चार अवैध क्लिनिकों को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान टीम को सभी संदिग्ध क्लिनिक बंद मिले। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन क्लिनिकों को सील किया और चेतावनी नोटिस चस्पा किए। इन क्लिनिकों को किया सील प्रशासन ने जिन क्लिनिकों पर कार्रवाई की है, उनमें न्यू मेवाड़ मेडिकल स्टोर (बस स्टैंड परसाद), संजीवनी क्लिनिक, तनेश्वर मेडिकल और गुजरात क्लिनिक शामिल हैं। इन सभी को अवैध संचालन के आरोप में सील किया गया है। इस कार्रवाई में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश मण्डावरीया, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. महेन्द्र डामोर, जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी कुलदीप सिंह यदुवंशी, थाना अधिकारी नरेश कुमार मीणा और नर्सिंग ऑफिसर फुलचन्द मीणा शामिल थे।