सलूंबर जिला प्रशासन ने अवैध क्लीनिक को सीज किया है। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देश पर सलूंबर उपखंड अधिकारी के आदेश से गठित टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई बाइपास रोड स्थित जयंत हॉस्पिटल एवं एक्स-रे लैब पर की गई। संचालक के पास डिग्री और दस्तावेज नहीं मिले टीम को मौके पर संचालक अश्विनी के.बी. बेरिया मरीजों का इलाज करते हुए मिले। निरीक्षण में सामने आया कि क्लीनिक में आधुनिक चिकित्सा पद्धति से इलाज किया जा रहा था, लेकिन संचालक के पास इसके लिए कोई वैध डिग्री या दस्तावेज नहीं थे। टीम को क्लीनिक में 5 बेड, एक एक्स-रे मशीन और एक सीबीसी जांच मशीन मिली। इन उपकरणों के संचालन के लिए भी संचालक के पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। इसके बाद प्रशासन ने एक्स-रे और सीबीसी मशीन को जब्त कर सील कर दिया। बायोमेडिकल वेस्ट को सबूत के तौर पर जब्त किया क्लीनिक से बायोमेडिकल वेस्ट, उपयोग में ली गई दवाइयां और अन्य चिकित्सकीय उपकरण भी सबूत के तौर पर जब्त किए गए और थाने में मामला दर्ज कराया गया। ये टीम रही शामिल इस कार्रवाई में तहसीलदार मयूर शर्मा, बीसीएमओ डॉ. संपत्त लाल मीणा, जिला औषधि नियंत्रक अधिकारी कुलदीप सिंह यदुवंशी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील राठौड़, पुलिस टीम से एएसआई भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल शंकर पटेल और रमेश पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक टीम के अन्य अधिकारी शामिल थे।