सलूंबर जिले के जयसमंद ब्लॉक के देवपुरा ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों की टीबी जांच की गई। इसके साथ ही, 11 जुलाई से पूरे जिले में विश्व जनसंख्या सप्ताह मनाया जाएगा, जिसमें परिवार कल्याण और जनसंख्या स्थिरता पर जागरूकता अभियान चलेगा। 80 ग्रामीणों की जांच की गई जयसमंद ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष पाठक ने बताया कि जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विष्णु दयाल मीणा के निर्देशन में देवपुरा में विशेष टीबी जांच शिविर आयोजित हुआ। शिविर में पहली बार अत्याधुनिक पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का उपयोग कर 80 ग्रामीणों की जांच की गई। इन जांचों के दौरान 10 ग्रामीण टीबी संदिग्ध पाए गए। इन सभी संदिग्ध मरीजों को आगे की पुष्टि, विस्तृत जांच और उपचार के लिए चिन्हित किया गया है। इस शिविर में डॉ. सौरभ बाबलिया, स्थानीय सीएचओ, एएनएम, आशा सहयोगिनियों, रेडियोग्राफर हेमंत चौबीसा और लोकेश मीणा सहित पूरी चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। 11 से 18 जुलाई तक चलेगा विश्व जनसंख्या सप्ताह स्वास्थ्य विभाग ने आगामी 11जुलाई विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिलेभर में 11से 18जुलाई तक विश्व जनसंख्या सप्ताह मनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर परिवार नियोजन,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य,छोटे परिवार के लाभ और आधुनिक परिवार कल्याण साधनों की जानकारी देंगी।साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम,परामर्श शिविर और विशेष सेवाएं भी आयोजित की जाएंगी।