चूरू जिले के सांडवा में 4 मई को हुई लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सांडवा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 17 मई को सांडवा निवासी कमल किशोर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मई को जब वह परिवार सहित अपने घर से बाहर गए हुए थे, लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। अलमारी में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपए के आभूषण गायब थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फोन लोकेशन और पूछताछ के आधार पर सांडवा निवासी सूर्यप्रकाश सोनी और विनीत शर्मा को हिरासत में लिया। गहन पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच अधिकारी एएसआई पप्पूराम मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में चोरी के माल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है और जल्द ही चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।