सांगानेर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार लूट की वारदात में शामिल चार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 2,500-2,500 रुपये का इनाम घोषित था। फैक्ट्री में घुसकर मारपीट, फिर कार लूटकर ले गए आरोपी डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 9 अक्टूबर को सांगानेर के वाटिका निवासी 34 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवाद के अनुसार, वह अपनी स्विफ्ट कार (RJ 60 CA 2765) लेकर चारभुजा कॉलोनी स्थित अपनी लकड़ी की फैक्ट्री पर गया था। रात करीब 11:30 बजे तीन-चार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और कार का गेट खोलकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने पीड़ित को कार में पटक दिया और चौपड़ा की ढाणी के पास ले जाकर उसके साथ दोबारा मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी स्विफ्ट कार और सैमसंग फोल्ड-7 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने ओमप्रकाश का वीवो मोबाइल भी लूट लिया था। सीसीटीवी और तकनीकी सहायता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और आरोपियों के भागने के रास्ते का चार्ट तैयार किया गया। आसूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल बैरवा (19) निवासी बड़ वाली ढाणी, ग्राम वाटिका, सांगानेर सदर और रोशन बैरवा (21) निवासी बैरवों की ढाणी, वाटिका, फतेहपुरा, आशाराम बैरवा (23) निवासी प्लॉट नंबर 13, गुणसागर कॉलोनी, लकड़ा मंडी, वाटिका और रोहन बैरवा (19) निवासी बैरवों की ढाणी, वाटिका, फतेहपुरा के रूप में हुई है। इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका कार्रवाई में एएसआई रामावतार, कांस्टेबल रामावतार, प्रेम चौधरी, हनुमान तथा साइबर सेल जयपुर दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश और रामसिंह की भूमिका रही। पुलिस ने कांस्टेबल रामावतार की विशेष भूमिका बताई है।