लायंस क्लब फलोदी मरुवीरा के तत्वावधान में आज एस.एम.बी. राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में "संस्कार निर्माणकर्ता" कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पूजन, तिलक और पुष्प वर्षा के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महिलाओं का योगदान" विषय पर एक चर्चा आयोजित की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नारी ही परिवार की प्रथम गुरु होती है, जिसके संस्कारों से समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्मित होता है। कार्यक्रम में कांता पंवार, योगेश पुरोहित और सुलेखा गाड़ोदिया ने भी भारतीय संस्कृति, संस्कार और योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, उप-प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार सोनी, गजेन्द्र थानवी और मदनलाल सुथार सहित स्कूल परिवार के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे।