राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन ने सरस घी के दामों में 20 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुई दरें बुधवार से लागू हो जाएंगी। फेडरेशन ने कंज्यूमर पैक पर 20 रुपए प्रति लीटर और बल्क पैक पर 10 रुपए प्रति लीटर की दर से बढ़ोतरी की है। नई दरों के अनुसार सरस घी का एक लीटर मोनो कार्टन पैक अब 551 रुपए की जगह 571 रुपए में मिलेगा। इसी तरह आधा लीटर पैक 277 रुपए से बढ़कर 287 रुपए का हो गया है। सरस गाय के घी का एक लीटर मोनो कार्टन पैक 570 रुपए से बढ़कर 590 रुपए में मिलेगा। बल्क पैक में भी दाम बढ़ाए गए हैं। सरस घी का 15 किलो टिन पैक अब 9345 रुपए के बजाय 9495 रुपए में मिलेगा। गाय के घी का 15 किलो टिन पैक 9630 रुपए से बढ़कर 9780 रुपए का हो गया है। इसके अलावा सरस साधारण और गाय के 5 लीटर टिन पैक में भी 20 रुपए प्रति लीटर की दर से बढ़ोतरी की गई है।