धौलपुर के सरमथुरा कस्बे की पुरानी जाटव बस्ती में गुरुवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान बीलौनी गांव निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक युवक ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद शव को सरमथुरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ दुलीचंद गुर्जर भी सरमथुरा अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़े सबूत जुटाते हुए युवक की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक ने किन हालात में यह कदम उठाया। पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।