ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सियाराम नागर ने गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारोला कलां, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बागरी बस्ती सारोला कलां, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बिसलाई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आकलन किया। बीईओ ने शिक्षकों से पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। शिक्षकों ने बताया कि निर्धारित पाठ्यक्रम कार्य योजना के अनुसार चल रहा है। शेष पाठ्यक्रम सितंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बिसलाई में भवन की मरम्मत, पेयजल समस्या को देखते हुए स्टाफ की बैठक हुई। बैठक में विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक, भाविप शाखा खानपुर के अध्यक्ष, शिक्षकों ने सहयोग राशि दी। कुल 31 हजार रुपए एकत्र किए गए। राशि से विद्यालय के ट्यूबवेल में मोटर लगाई जाएगी। भवन की छतों पर वर्षा से बचाव के लिए डैम्प-प्रूफिंग कराई जाएगी। बीईओ नागर ने कहा कि हर विद्यालय में शिक्षक, समाजजन इसी तरह सहयोग करें तो विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने शिक्षकों, समाजजनों का आभार जताया।