सवाई माधोपुर जिले में धनतेरस पर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। शहर से लेकर गांव और कस्बों तक ऑटोमोबाइल, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक, बर्तन और कपड़ा बाजार में रौनक रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में नए वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद खरीदे। बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। शाम के समय बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ रही और दुकानों पर देर तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। जिले में धनतेरस पर करीब 35 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस को लेकर बाजार सुबह जल्दी ही सज गए थे। लोगों ने पहले से ही वाहनों की बुकिंग करा रखी थी। ऐसे में शुभ मुहूर्त में वाहन लेने के लिए लोग शोरूम पहुंचे। नए बर्तन और कपड़ों की खरीदारी को लेकर बर्तन बाजार और रेडिमेड गारमेंट की दुकानों पर भी भीड़ रही। शहर, गांव और कस्बों के बाजारों में दिनभर खरीदारी का माहौल बना रहा। सोने-चांदी के सिक्के भी खरीदे धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ मानते हुए लोगों ने आभूषणों के साथ चांदी के सिक्के भी खरीदे। स्टेशन रोड स्थित सर्राफा व्यापारी कमल छाबड़ा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर ज्वेलर्स की करीब 80 दुकानें हैं। धनतेरस पर सर्राफा बाजार में 5 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। दिवाली और आगामी शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए भी लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणों में रुचि दिखाई। वाहनों के शोरूम पर रही सबसे ज्यादा भीड़ धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में सबसे अधिक रौनक देखने को मिली। दोपहिया और चारपहिया वाहन खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग शोरूम पहुंचे। शुभ मुहूर्त में नए वाहन घर ले जाने को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। जिले में वाहन बाजार में 25 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस पर बाजारवार कारोबार का अनुमान वाहन बाजार में 25 करोड़ रुपए से अधिक, सर्राफा बाजार में 5 करोड़ रुपए से अधिक, कपड़ा बाजार में करीब 3 करोड़ रुपए, बर्तन बाजार में करीब 1 करोड़ रुपए और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में करीब 1 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है।