जिले के किडनी मरीजों का अब सवाई माधोपुर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज हो पाएगा। रणथंभौर सेविका अस्पताल में नेफ्रोलॉजी ओपीडी शुरू की गई है। इसके चलते अब सवाई माधोपुर के मरीजों को कोटा और जयपुर नहीं जाना पड़ेगा। इसकी शुरुआत गुरुवार सेविका अस्पताल में एक कार्यक्रम आयोजित कर की गई। सवाई माधोपुर में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा मिल सकेगी अपैक्स रणथंभौर सेविका के जर्नल मैनेजर अभिमन्यु सिंह ने बताया कि सवाई माधोपुर में अब नेफ्रोलॉजी का कोई विशेषज्ञ नहीं था। इसके लिए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब अपैक्स रणथंभौर सेविका अस्पताल में डॉ आयुषी सिंह अपनी सेवाएं देगी। यहां सुबह 9 बजे से 4 बजे तक नियमित नेफ्रोलॉजी की ओपीडी रहेगी। इसी के साथ ही सवाई माधोपुर में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी मिल सकेगी। हालांकि सवाई माधोपुर में पूर्व में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन नेफ्रोलॉजी ओपीडी और किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा नहीं थी। ऐसे जिले के मरीज सवाई माधोपुर में किडनी ट्रांसप्लांट करवा सकेंगे।