सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर सूरवाल के ग्रामीणों में नाराजगी है। मतदान केंद्र बदले जाने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और SDM को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सूरवाल कस्बे की पुरानी आबादी के बीच बने सरकारी स्कूल परिसर में ही मतदान केंद्र बनाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपकर पुराना मतदान केंद्र यथावत रखने की मांग ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि सूरवाल कस्बे की पुरानी आबादी के बीच स्थित सरकारी स्कूल भवन में पहले से ही मतदान केंद्र बनाया जाता रहा है। स्कूल परिसर में काफी जगह उपलब्ध है। इसके अलावा यहां पंचायत भवन, आयुर्वेदिक औषधालय, वेटरनरी हॉस्पिटल जैसे अन्य भवन भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस बार पंचायत चुनाव के लिए मतदान केंद्र गांव की आबादी से दूर बने सरकारी स्कूल परिसर में बनाए जाने की जानकारी मिल रही है। जो कि गांव की आबादी से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर है। ऐसे में बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को वोट करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ज्ञापन में कहा गया कि मतदान केंद्र दूर होने से कई मतदाता मतदान करने से वंचित रह सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुरानी आबादी के बीच स्थित स्कूल परिसर को ही मतदान केंद्र बनाने की मांग की है, ताकि गांव के सभी लोग आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।