सवाई माधोपुर में पंचायत चुनाव के चौथे चरण में चार पंचायत समितियों सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी और वजीरपुर में पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 4 नवंबर तक कर सकेंगे नामांकन उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया - पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। इसके बाद 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। 14 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान चौथे चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान दल संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रवाना होंगे। इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी। 16 नवंबर को पंच-सरपंच के चुनाव ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए भी 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। चौथे चरण में 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी। वहीं, उपसरपंच पद के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा। चुनावी खर्च में बदलाव जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया - इस बार चुनाव लड़ने के लिए संतान संबंधी बाध्यता समाप्त कर दी गई है। चुनावी खर्च सीमा में भी बदलाव किया गया है। पंचायत समिति सदस्य के लिए अधिकतम 1.50 लाख रुपए और सरपंच पद के लिए 1 लाख रुपए खर्च करने की सीमा निर्धारित की गई है।