सवाई माधोपुर में दशहरा पर्व के अवसर पर शहर के दशहरा मैदान में 20 से 23 अक्टूबर तक भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की शुरुआत 20 अक्टूबर को रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगी। चार दिवसीय आयोजन में स्थानीय कलाकारों के साथ प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। नगर परिषद की ओर से मेले को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। अजय हुड्डा और गौरी काजल पार्टी देंगी प्रस्तुति नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि 20 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इस दिन ‘बहू काले की’ गाने से पहचान बनाने वाले गायक अजय हुड्डा प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही गौरी काजल पार्टी की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। रावण दहन मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मनमीत सिंह और स्वरूप खान की होगी सांस्कृतिक संध्या 21 अक्टूबर को दशहरा मैदान में विशाल सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें बॉलीवुड गायक मनमीत सिंह और स्वरूप खान अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 22 अक्टूबर को विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं, 23 अक्टूबर को रामलीला मैदान में भजन संध्या होगी। चार दिनों तक दशहरा मैदान में मेले की रौनक रहेगी। शहरवासी परिवार के साथ पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मेले का आनंद ले सकेंगे। शहर में अलग-अलग जगह होगा रावण दहन विजयादशमी के अवसर पर सवाई माधोपुर के विभिन्न स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। दशहरा मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण के साथ 30-30 फीट के मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। इसी तरह पुराने शहर के रामलीला मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। वहीं, महाबली हनुमान मंदिर परिसर में 30 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। दशहरा पर्व पर शहर में जगह-जगह धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ उत्सव का माहौल रहेगा।